रीवा में एएसआई की पत्नी ने खाया जहरीला पदार्थ: उपचार के दौरान हुई मौत, सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला
एएसआई मनभरन दीपांकर की पत्नी लंबे समय से पेट की बीमारी से परेशान थीं। घटना के समय घर पर कोई नहीं था; पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया था भर्ती
मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई मनभरन दीपांकर की पत्नी ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। बताया गया है कि महिला लंबे समय से पेट की बीमारी से परेशान थीं। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था।
परिजनों ने जब महिला को अचेत अवस्था में देखा तो उन्हें तत्काल संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय (एसजीएमएच) ले जाया गया। यहां गंभीर हालत में उनका उपचार शुरू किया गया, लेकिन उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
महिला की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जहरीले पदार्थ के सेवन के पीछे क्या कारण रहे, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।
परिवार में छोटे बच्चे भी हैं
बताया गया है कि मृतका के छोटे बच्चे भी हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।